महाराष्ट्र: लॉकडाउन फेज- 2 का 12वां दिन
मुंबई: महाराष्ट्र में संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। रविवार को संक्रमण के चलते 19 लोगों की मौत हुई। इनमें मुंबई में 12, पुणे में तीन, जलगांव से दो, सोलापुर और लातूर में एक-एक की जान गई। मृतकों में 17 की उम्र 40 साल से अधिक थी जबकि दो की उम्र 40 साल से कम थी। 11 मृतकों को डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हृदय रोग जैसी बीमारियां थीं, जबकि आठ मृतकों की मेडिकल हिस्ट्री के बारे में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कुछ नहीं बताया गया है। राज्य में अब तक संक्रमण से 342 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, रविवार को राज्य में संक्रमण के 440 नए केस सामने आए।
उद्धव ठाकरे ने कहा- ट्रेनें नहीं चलेंगी, लेकिन मजदूरों को घर भेजने का रास्ता निकाल रहे हैं
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने रविवार को बताया कि हम प्रवासी मजदूरों को उनके घर भेजने का हरसंभव रास्ता निकाल रहे हैं। इसके लिए हम केंद्र से बात कर रहे हैं। एक बात साफ है कि ट्रेनें नहीं चलेंगी। हम नहीं चाहते कि भीड़ जमा हो। नहीं तो लॉकडाउन को आगे बढ़ाना पड़ेगा। ठाकरे ने बताया कि हमें इस बात का दुख है कि इस लड़ाई में हमारे दो पुलिसकर्मियों की जान चली गई। हम उनके परिवार की सरकार की नीतियों के तहत मदद करेंगे। दरअसल पिछले दिनों मुंबई के बांद्रा में हजारों की तादाद मजदूर जमा हो गए थे। इनकी मांग की थी उन्हें अपने-अपने गृह राज्य जाने दिया। हालांकि, पुलिस का कहना था कि यह एक अफवाह की वजह से हुआ था। मुंबई समेत राज्य के दूसरे इलाकों से भी मजदूर घर जाने की मांग कर रहे हैं। इस बीच कई मजदूर और कामगारों की महाराष्ट्र से अपने राज्य जाने की खबरें भी आ रही हैं।
80% मरीज ऐसे हैं, जिनके लक्षण सामने ही नहीं आए: ठाकरे
ठाकरे ने बताया, ‘राज्य में 80% मरीज ऐसे हैं, जिनके लक्षण सामने ही नहीं आए। उन्हें संक्रमण का पता नहीं चला। 20% को कोरोना के हल्के, गंभीर और अतिगंभीर लक्षण हैं। हमारी कोशिश है कि ये सभी जल्द स्वस्थ हो जाएं। जो लोग अपनी बीमारी को छिपा रहे और टेस्ट नहीं करा हैं। उनसे अपील है कि लक्षण दिखने पर जांच कराएं।’
मुंबई में संक्रमितों की संख्या 100 गुना से ज्यादा बढ़ी: महाराष्ट्र में कोरोना लगातार बढ़ता जा रहा है। लॉकडाउन के एक महीने में मुंबई में संक्रमितों की संख्या 100 गुना से ज्यादा बढ़ी है। 25 मार्च को सिर्फ 43 मरीज थे और 2 लोगों की मौत हुई थी। एक महीने बाद यह तादाद 4,589 हो गई, जबकि मौतों की संख्या 179 तक जा पहुंची। देश में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ने की यह सबसे तेज रफ्तार है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन और पुणे संभाग में लॉकडाउन 18 मई तक बढ़ाया जा सकता है। इसके संकेत राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दिए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने शनिवार शाम को कहा, ‘कोरोना का संक्रमण बढ़ने से रोकने के लिए लॉकडाउन किया गया है। यदि यह कम नहीं होता है तो लॉकडाउन बढ़ाने के अलावा कोई चारा नहीं है। जरूरत पड़ी तो 3 मई के बाद मुंबई-पुणे के कंटेनमेंट जोन में 15 दिन का और लॉकडाउन बढ़ाया जाएगा।’
बंद प्राइवेट नर्सिंग होम और हॉस्पिटल पर होगी कार्रवाई
बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) कमिश्नर प्रवीण परदेशी ने कहा है कि यदि बार-बार निर्देश के बावजूद मुंबई में नर्सिंग होम आम मरीजों के लिए नहीं खोले जाते हैं, तो उनके लाइसेंस रद्द कर दिए जाएंगे। अगर प्राइवेट हॉस्पिटल के डॉक्टर्स काम पर न आएं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।